अंगनाई का नीम हमारा दिखता रूढ़ा रूढ़ा था
एक गुलामी एक आज़ादी , कितने मौसम देखे थे
बाबा के संदूक में ज्यों , कईं पुराने लेखे थे
नीम के नीचे पंछी थे और, दानो का अम्बार लगा
सारे मिलकर चुगते थे, भगवन का दरबार सजा
लकड़ी सबकी, पत्ती सबकी और निबौली सबकी थी
उसकी छाँव में घुलती मिलती , बानी बोली सबकी थी
शाम पड़े गय्या का खूंटा, संजा गरबे नीम तले
दादी की तस्बीह के दाने, और तक़रीरें यहाँ पले
रामशरण या गुरुचरण हो सबकी पट्टी यहीं पुजी
मीरां की आवाज़ भी गूंजी, श्याम की बंसी यहीं बजी
सबसे पहले चूल्हा गढ़ कर दादी दाल पकाती थी
गाँव की सारी बुढ़ीयें मिल कर रोटी सेंकने आती थीं
इसका उसका, मेरा तेरा चूल्हा सबका अपना था
हरियाता चढ़ता यौवन को, नीम भी सबका अपना था
धूप हवा और पानी पंछी जैसे अपने सबके थे
पीर का हलवा सबका था और ठाकुर जी भी सबके थे
कौन है कौनसे दीन धरम का फाग में ढूंढना मुश्किल था
गोरों के आने के पहले , राग ये ढूंढना मुश्किल था
न कोईं राजा, न कोईं परजा, न कोइ पहरेदार ही था
न तो सियासत बिकती थी न नेता कोई खरीदार ही था
हिन्दू मुस्लिम कहाँ हमारे मुल्क में इन्सां बसते थे
-लोरी अली






